नवाबगंज। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर पनघैली नदी के पुल पर गड्ढे पहले से हैं। बारिश के कारण फिसलन भी हो गई है। शनिवार रात पानी भरे गड्ढे में फंसकर ई-रिक्शा पलट गया। उसमें सवार जमरफत (55) की वाहन के नीचे दबने से मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में अधिक रक्तस्राव से मौत की पुष्टि हुई है।
ईधजागीर गांव के मोहल्ला यासीन नगर निवासी मोहम्मद इमरान ने बताया कि मां जमरफत शनिवार देर रात नवाबगंज से ई-रिक्शा में सवार होकर गांव लौट रही थीं। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर पनघैली के पुल पर फिसलन और गड्ढों के कारण ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। जमरफत उसके नीचे दब गईं। लोग उनको जल्दी से निकालकर निजी अस्पताल लेकर गए। हालांकि रास्ते में ही मां की सांसें थम गईं। परिजन ने रविवार को उनको सुपुर्दे खाक कर दिया। जमरफत किराना की दुकान चलाकर परिवार के पालन-पोषण में मदद करती थीं।
जिम्मेदारों पर अनदेखी का आरोप
पनघैली नदी के पुल पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। वहां से गुजरने पर वाहन सवार गिरकर चोटिल हो जाते हैं। जिम्मेदार अनदेखी कर रहे हैं। रविवार को पुल पर बाइक सवार, ई-रिक्शा और ऑटो पलट गए। लोगों ने इन गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। इस बाबत एनएचएआई बरेली क्षेत्र के पीडी अभय भूषण ने बताया कि मरम्मत कार्य बारिश के कारण बंद है। सोमवार को मौसम ठीक होने पर हॉट मिक्स प्लांट से मिक्सचर पहुंचाकर मरम्मत कराई जाएगी।