बरेली। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण वितरण में पारदर्शिता बनाने और गड़बड़ी पर नियंण के लिए ई-पॉस मशीन और बायोमीट्रिक व्यवस्था की कोई योजना शासन के पास नहीं है। ये लिखित जवाब महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने आंवला सांसद नीरज मौर्य के सवाल पर दिया है। सांसद नीरज मौर्य ने बीते दिनों सरकार से आंगनबाड़ी केंद्रों पर गड़बड़ी और पोषाहार वितरण में संभावित अनियमितता रोकने के लिए ई-पॉस मशीन, बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण, इंटरनेट उपलब्धता की जानकारी मांगी थी। इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से भेजे गए जवाब में ऐसा कोई प्रस्ताव या व्यवस्था न होने की बात कही गई है। सांसद के मुताबिक आंगनबाड़ी केंद्र से पोषाहार वितरण में तमाम आरोपों पर अंकुश लगाने के लिए डिजिटिलाइजेशन जरूरी है। पुख्ता निगरानी के बगैर पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलना कठिन है।