जंक्शन के पास ऑटो चालकों ने किया विरोध
जंक्शन के पास सिटी बसों में सवारियां बैठाने का ऑटो चालकों ने विरोध किया। कुछ ऑटो चालकों और बस स्टाफ के बीच तकरार भी हुई। पूर्व में जब बसों का शहर में संचालन किया जाता था, तब भी बस स्टाफ और ऑटो चालकों के बीच मारपीट के कई मामले सामने आए थे। ई-बस के एक चालक ने बताया कि जंक्शन और सेटेलाइट के आसपास बस रोकने पर ऑटो चालक एतराज जता रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों को बता दिया है।
देहात में सिटी बस सेवा बंद होने से 200 गांवों के लोग प्रभावित
देहात क्षेत्रों में ई-बसें बंद होने के बाद सोमवार को पहले दिन ही कई रूटों पर डग्गामारी शुरू हो गई। दुकानदारों व व्यापारियों के सामने बरेली-आवागमन को लेकर समस्या खड़ी हो गई है। बरेली-शीशगढ़ और बरेली-शेरगढ़ केे बीच बस सेवा बंद होने से 200 से ज्यादा गांवों के लोग प्रभावित हुए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जनता की परेशानी को समझे बिना ही यह निर्णय ले लिया गया। आरएसएस के खंड संचालक डॉ. वेदप्रकाश शर्मा ने इसके विरोध में नगर विकास मंत्री को पत्र लिखा है। इसमें ई-बस सेवा बंद होने की जानकारी देते हुए बताया है कि इससे लोगों को आवागमन में समस्या हो रही है। शीशगढ़ कस्बे के अब्दुल हसीब, भाजपा नेता रामप्रकाश गुप्ता, रमेश चंद्र फौजी, मोतीराम आदि ने ई-बसों का संचालन जारी रखने की मांग की है।
विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने बताया कि ई-बसें बंद होने पर रोडवेज प्रबंधन से बात करके ग्रामीण क्षेत्र के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू करा दी गई है। जैसे-जैसे यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, बसों की संख्या भी बढ़वाएंगे।