फतेहगंज पूर्वी। गड्ढे में डंफर फंसने की वजह से दातागंज मार्ग पर सोमवार को जाम लग गया। बिलपुर क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने की वजह से राहगीर घंटों फंसे रहे। पुलिस के न पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने खुद ही जाम खुलवाया।
बिलपुर क्राॅसिंग से करीब 500 मीटर दूर सड़क में बड़ा गड्ढा हो गया है। इस गड्ढे में जलभराव हो रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से नवादा मोड़ से फतेहगंज पूर्वी निवड़िया मोड़ तक सड़क का निर्माण किया गया था, लेकिन सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के पास बने इस गड्ढे को नहीं भरा गया। जलनिकासी के लिए यहां नाले का निर्माण भी पूरा नहीं हुआ है। इस वजह से जलभराव होता है।
रविवार को एक ट्रक इस गड्ढे में फंस गया। इस वजह से यहां से वाहन धीमी गति से निकल पा रहे थे। रात करीब दो बजे बजरी लेकर जा रहा एक डंफर भी यहां फंस गया। इसके चलते दोनों ओर का आवागमन बाधित हो गया। सुबह तक यहां वाहनों की लंबी कतार लग गई। बिलपुर क्रॉसिंग के दोनों ओर जाम लग गया। सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जैसे-तैसे कर क्रेन की मदद से फंसे वाहनों को निकाला गया। इसके बाद आवागमन सुचारु हुआ।
अतिक्रमण की वजह से भी आती है दिक्कत
बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क के दोनों ओर रेलवे की जमीन पर लोगों ने अतिक्रमण करके यहां खोखे रख लिए है। इस वजह से यहां से वाहनों का आवागमन प्रभावित होता है। शिकायत के बाद भी अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं होती।
पानी की निकासी के लिए नाला बनाया जा रहा है। ट्रक चालकों की हड़ताल की वजह से माल नहीं आ पाया। इस वजह से काम रुक गया है। जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा। गड्ढे की मरम्मत के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं। - ओमकार सिंह, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी
-
सड़क पर भिड़े सांड़, लगा जाम
रिठौरा। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर सोमवार को दो सांड़ भिड़ गए। उनकी लड़ाई के चलते दोनों ओर से वाहनों का आवागमन रुक गया। लड़ते हुए सांड़ों ने ठेला भी पलट दिया। राहगीरों ने किसी तरह से सांड़ों को सड़क से हटाया। इसके बाद आवागमन शुरू हुआ। संवाद