उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में सड़क हादसा हुआ है। हादसे में महिला ग्राम प्रधान और उनके भतीजे की मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर जिले के गोला-खुटार रोड पर डंपर और बाइक की टक्कर में बुझिया की ग्राम प्रधान और उनके भतीजे की कुचलकर मौत हो गई। बुझिया गांव की प्रधान विद्यादेवी (41) अपने भाई गांव मोहनपुर निवासी प्रमोद कुमार के पुत्र आशुतोष वर्मा (26) के साथ बाइक से दवा लेने गोला जा रही थीं।
खुटार गोला मार्ग पर मैलानी थाना इलाके के संसारपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में गांव छत्तीपुर के पास बाइक और डंपर की टक्कर हो गई। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्राम लालपुर निवासी सोनू ने बताया कि टक्कर लगने से बाइक डंपर के अगले पहिये के नीचे फंस गई।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंचे पुलिस चौकी प्रभारी संसारपुर सतीशचंद यादव ने दोनों शवों को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। डंपर पुलिस के कब्जे में है।