बरेली। विद्युत निगम के बकाया वसूली अभियान में भी लापरवाही बरती जा रही है। जिन उपभोक्ताओं पर बकाया है, उनके बजाय नियमित बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए जा रहे हैं।
शुक्रवार को विद्युत वितरण खंड तृतीय की टीम बकाया वसूली करने निकली थी। कटरा चांद खां निवासी श्यामा चरण पुत्र झम्मन के नाम कई हजार रुपये के बकाया होने पर आरसी जारी हो चुकी थी। टीम ने श्यामा चरण के स्थान पर राजो देवी पत्नी श्यामा चरण का कनेक्शन काट दिया। राजो ने शनिवार को एक्सईएन तृतीय खंड सुरेंद्र गौतम से मिलकर शिकायत की। बताया कि वह हर महीने बिल जमा करती हैं। एक्सईएन का कहना है कि कनेक्शन काटने में चूक हुई है। महिला का बिजली कनेक्शन तत्काल जोड़ने और कनेक्शन काटने से पहले क्रॉस चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। संवाद