सरकारी भूमि पर निर्माण कार्य को ढहाती जेसीबी। संवाद
सिरौली। नगर पंचायत की ओर से कस्बे के मोहल्ला साहूकारा में सरकारी भूमि पर कराए जा रहे निर्माण को प्रशासन ने विवाद की आशंका के चलते जेसीबी से ढहवा दिया है।
नगर पंचायत ने कुछ दिनों पूर्व प्रस्ताव पारित कर इसी भूमि पर चबूतरे का निर्माण शुरू कराया था। इस तरह तीन साल पूर्व भी बिना अनुमति के आंबेडकर प्रतिमा लगाने की कोशिश हुई थी, जिस पर बवाल हुआ था। उसी से आशंकित कुछ लोग भयभीत थे, जिन्होंने अफसरों को शिकायत कर दी।
तहसील प्रशासन से पहुंचे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को रुकवाया। इस दाैरान एसडीएम, सीओ पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को बुलाकर चबूतरे के निर्माण कार्य को ढहा दिया गया। लोगों का कहना था कि यहां किसी प्रतिमा को लगाने जैसा कार्य कराया जा रहा था। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस माैके पर तैनात है। इधर, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजन नाथ तिवारी ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से उक्त भूमि पर सुंदरीकरण कराया जा रहा था, लेकिन डिजाइन गलत होने से निर्माण को ढहा दिया गया है। संवाद
जो निर्माण कार्य किया जा रहा था। वह नक्शा-ड्राईंग के अनुसार नहीं हो रहा था। इसलिए उसको तोड़वा दिया गया।
-विदुषी सिंह, एसडीएम, आंवला