मीरगंज। नगरिया सादात रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और फुट ओवर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों और शुगर मिल कर्मचारी संगठनों ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्मरण पत्र भेजा गया है। इससे पूर्व भी 23 अक्तूबर को इसी विषय पर पत्र भेजा गया था, लेकिन अभी तक न कोई जवाब मिला और न ही कोई कार्यवाही हुई है।
स्मरण पत्र में कहा गया है कि स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं, फुट ओवर ब्रिज न होने से रोजाना हजारों की संख्या में लोग ट्रैक पार करने को मजबूर हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि ठहराव मिलने और एफओबी बनने से आवागमन सुगम होगा, सुरक्षा बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर विकास व रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। जनता ने प्रधानमंत्री से जनहित में शीघ्र निर्णय की मांग की है।
लोगों ने बताया कि मीरगंज में तहसील, ब्लाॅक, थाना, चीनी मिल एवं दर्जनभर इंटर कालेज एवं डिग्री कॉलेज हैं, जिसमें कार्यरत लोग बरेली और अन्य जगहों से रोजाना आना जाना करते हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। स्मरण पत्र भेजने वालों में संजय कुमार सिंह, अरविंद सिंह, अभिमन्यु प्रसाद, अमरेश राय, आशीष गुप्ता, उमाशंकर ओझा, सनी गोस्वामी आदि लोग शामिल हैं। संवाद