13 अक्तूबर को आईवीआरआई में प्रस्तावित था शो, अब 16 फरवरी को होगा
बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में करीब सात वर्ष बाद प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय डॉग शो के उत्साह पर मानक भारी पड़ गए। अब 13 अक्तूबर के बजाय चार माह बाद 16 फरवरी 2025 को शो आयोजन का निर्णय रोहिलखंड केनाइन क्लब के पदाधिकारियों ने लिया है।
बता दें कि इससे पूर्व मार्च 2017 में डॉग शो हुआ था। हाल ही में आईवीआरआई परिसर में 13 अक्तूबर को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय डॉग शो में विभिन्न विदेशी नस्लों के साथ देसी नस्लों के श्वान (कुत्तों) को भी शामिल करने का निर्णय हुआ था, पर मानकों की अड़चन होने की वजह से आयोजन की तारीख को आगे बढ़ाना पड़ गया। क्लब उपाध्यक्ष डॉ. अभिजीत पावड़े के मुताबिक केनाइन क्लब ऑफ इंडिया (केसीआई) के दिशानिर्देशों के अनुसार सिर्फ केनाइन क्लब ऑफ चेन्नई में पंजीकृत कुत्तों की ब्रीड ही शो में प्रतिभाग कर सकती है। प्रतिभागी कुत्तों की जांच केनाइन क्लब ऑफ इंडिया की अधिकृत टीम करेगी। इनकी अनुमति पर ही प्रतिभाग कर सकेंगे।
वहीं, जिस तिथि को उत्तर भारत के किसी राज्य में डॉग शो हो रहा है, उस तिथि को हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों में कहीं भी डॉग शो का आयोजन नहीं होना चाहिए। इन मानकों के चलते डॉग शो आयोजन की नई तिथि 16 फरवरी 2025 प्रस्तावित है।
देसी श्वानों के प्रति रूझान बढ़ाना है मकसद
क्लब के सचिव कर्नल गुरुदीप सिंह (सेवानिवृत्त) के मुताबिक वर्ष 1994 में रोहिलखंड कैनाइन क्लब की स्थापना हुई थी। उद्देश्य विदेशी नस्लों के श्वानों के प्रति बढ़ते रुझान को देसी श्वानों की ओर परिवर्तित करना है। देसी प्रजातियों में रामपुर हाउंड, चिप्पीपराई, मुधौल हाउंड, राजपलायम समेत 12 प्रजाति पंजीकृत है, पर आक्रामकता और आकर्षण से पिटबुल, रोटविलर अन्य विदेशी नस्ल लोगों को भा रही है। अमर उजाला ब्यूरो