हाफिजगंज। गांव अमसाह के आंगनबाड़ी केंद्र पर शराबी ने जमकर उत्पात मचाया। इसके विरोध पर उसने पत्नी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बाल पकड़कर पीटा और अभिलेख फाड़ दिए। पीड़िता ने पुलिस थाने में तहरीर दी है।
थाना हाफिजगंज के गांव अमसाह निवासी सुशीला देवी ने बताया कि वह गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता है। गांव में ही पंचायतघर पर अपना केंद्र चलाती है, जहां पर शराबियों का जमावड़ा रहता है, जो यहां शराब पीकर हुड़दंग करते हैं। इस संबंध में वह कई बार शिकायतें भी कर चुकी हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। शुक्रवार करीब सुबह दस बजे सुशीला देवी का पति रूपचंद्र शराब पीकर आंगनबाड़ी केंद्र में घुस गया और बोला कि किसके आदेश पर केंद्र चलाया जा रहा है। आज के अलावा यहां केंद्र नहीं लगेगा। इस पर उसकी पत्नी ने विरोध किया तो उसने बाल पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। यहां रखे अभिलेख भी फाड़ दिए।
घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। आरोप है कि जब मौके पर पुलिस पहुंची तो उसका पति ड्रामा करने लगा, जिस पर पुलिस ने चेतावनी देकर उसे छोड़ दिया। पत्नी ने थाने पर पहुंचकर पति के खिलाफ दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद