लॉकडाउन में आमजन की जरूरतों को देखते हुए जहां पुलिस-प्रशासन राशन, परचून के सामान, दवाएं और अन्य जरूरी सामान की होम डिलीवरी करा रहा है, वहीं मादक पदार्थों के तस्करों ने भी डिमांड पर होम डिलीवरी शुरू कर दी है।
ऐसे ही एक तस्कर को इज्जतनगर पुलिस ने शुक्रवार रात गिरफ्तार किया हैै। उससे सात सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ है। उसका पिता भी सब्जी के ठेले पर मादक पदार्थ बेचता था।
इज्जतनगर क्षेत्र में मिनी बाईपास स्थित एक नर्सरी के पास शुक्रवार रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक से जा रहे एक युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके बैग से सात सौ ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम सैदपुर हाकिंस निवासी शाहनवाज बताया।
पुलिस के मुताबिक, लॉकडाउन में वह फोन पर ऑर्डर मिलने के बाद गांजा और अन्य मादक पदार्थों की होम डिलीवरी करता था। तस्कर का पिता अनवार भी इलाके में सब्जी के ठेले पर गांजा बेचता था। यह माल उसे इलाके में चरस वाली चच्ची के नाम से मशहूर एक महिला तस्कर से मिलता था।