फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: अफवाहों के पंख से उड़ान भर रहा दहशत का ड्रोन...चोर समझ चार भाइयों को पीटा; अब वायरल चिट्ठी में लिखी ये बात

Tue, 29 Jul 2025 08:33 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, बरेली

सार

बरेली के देहात इलाके में रातभर ड्रोन उड़ने का शोर मचता रहा। डर की वजह से ग्रामीण समूह में गश्त कर रहे हैं। भोजीपुरा में ड्रोन की दहशत में शनिवार रात को गश्त कर रहे ग्रामीणों ने संदिग्ध हालात में घूम रहे युवक को चोर समझकर पकड़ लिया। 
विज्ञापन
बरेली में गिरा ड्रोन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली शहर से सटे इलाकों व ग्रामीण क्षेत्रों में रातभर ड्रोन उड़ने का शोर मच रहा है। इसके सहारे घरों की रेकी और चोरी की साजिश की भी चर्चा जोरों पर है। सोमवार सुबह अफवाह को उस वक्त और बल मिला, जब फतेहगंज पश्चिमी के गांव में एक छत पर ड्रोन जैसा खिलौना पड़ा मिला। हाफिजगंज स्थित कस्तूरबा स्कूल की वार्डन के वीडियो ने भी लोगों में दहशत फैला दी। इसमें स्कूल में चोर घुसने का जिक्र है।
विज्ञापन


ड्रोन वाला चोर समझकर बेरोजगार को पकड़ा
भोजीपुरा में ड्रोन की दहशत में शनिवार रात को गश्त कर रहे ग्रामीणों ने संदिग्ध हालात में घूम रहे युवक को चोर समझकर पकड़ लिया। वह सहारनपुर जिले के बड़गांव का हुकुम सिंह निकला। चार महीने पहले वह किसी को बताए बिना काम की तलाश में घर से निकला था। 

घरवालों ने गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। इंस्पेक्टर प्रवीन सोलंकी ने बताया कि उन्होंने संबंधित गंगोह थाना पुलिस से संपर्क कर हुकुम सिंह के परिजनों को जानकारी दी। सोमवार को उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। 
विज्ञापन


चिट्ठी वायरल... ड्रोन से चल रहा है नदियों का सर्वेक्षण
अफवाहों के बीच उप्र भू स्थानिक निदेशालय के निदेशक की एक चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह चिट्ठी निदेशक ने सभी जोन के एडीजी, रेंज के डीआईजी, सभी जिलों के डीएम व एसएसपी को लिखी है। 

इसमें लिखा है कि एनजीटी के आदेश पर पूरे प्रदेश में नदियों के फ्लड प्लेन जोन के चिह्नीकरण के लिए ड्रोन सर्वेक्षण कराया जा रहा है। माना जा रहा है कि अगर चिट्ठी सही है तो नदी किनारे के क्षेत्रों में दिखने वाले ड्रोन को लेकर अफवाहें थम सकती हैं। 
 

ड्रोन वाला चोर समझकर चार सगे भाइयों को पीटा
फतेहगंज पश्चिमी। लापता भाई की तलाश करके दिल्ली से लौट रहे गांव धंतिया निवासी युवकों को भिटौरा स्टेशन के पास लोगों ने ड्रोन चोर समझकर पकड़ लिया।

 

भूरा एक अप्रैल को घर से लापता हो गया था। उसके दिल्ली में होने की सूचना पर भाई इजरायल खान, उवैश खान, जावेद खान वहां गए थे। उसे लेकर वह ट्रेन से लौटे। भिटौरा स्टेशन पर उतरकर चारों गांव की ओर जा रहे थे। तभी लोगों ने पकड़ लिया। पीटकर पुलिस को सौंप दिया। 

जानकारी करने के बाद पुलिस ने उनको छोड़ दिया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अफवाह के आधार पर बेवजह लोगों को पीटा जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

 

इधर, गांव मड़ौली निवासी कमल मौर्य का बेटा छत पर सोलर प्लेट रखने गया तो ड्रोन जैसी वस्तु देखकर घबरा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे उठाकर ले गई। जांच में पता लगा कि यह ड्रोन नहीं, खिलौना है। गूगल पर उसकी कीमत 863 रुपये निकली। उसमें कैमरा भी नहीं था। 

 

यह रिमोट एक्सेस से 300 मीटर तक जा सकता था। बैटरी बैकअप भी केवल पांच मिनट का था। एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा ने बताया कि बैटरी डिस्चार्ज होने से यह गिरा होगा। यह किसी खुराफाती की करतूत है, जिसका पता लगाया जा रहा है।

वार्डन के वीडियो में दिखा चोरों का डर
हाफिजगंज के कस्तूरबा आवासीय स्कूल की वार्डन सपना पांडे ने वीडियो वायरल कर बताया कि चार दिन से स्कूल पर ड्रोन मंडरा रहा है। रविवार रात 11 बजे काले कपड़े में एक व्यक्ति ने खिड़की पर दस्तक दी तो छात्राएं डर गईं। शोर मचाने पर आसपास के लोग और पुलिस भी आई। 

 

एसडीएम को कॉल किया, लेकिन रिसीव नहीं हुई। उन्होंने मुख्यमंत्री व जिला प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि वहां कोई नहीं मिला। स्कूल व चौराहे पर गश्त बढ़ा दी है। 

ड्रोन के शोर में पकड़े गए कार चोर
हाफिजगंज के गांव मुल्लापुर दोहरिया में ड्रोन की दहशत में गश्त लगा रहे ग्रामीणों को कच्चे रास्ते पर सफेद रंग की कार जाती दिखी। ग्रामीणों ने दौड़ाया तो आरोपियों ने कार की गति बढ़ा दी, पर आगे जाकर वह कीचड़ में फंस गई। तब उसमें सवार लोग निकलकर भाग गए। ग्रामीणों ने सुबह तक कार को घेरे रखा। 
 

रिठौरा चौकी प्रभारी वैभव गुप्ता कार को जेसीबी से निकलवाकर चौकी ले आए। जांच में पता लगा कि कार इज्जतनगर क्षेत्र के जितेंद्र की है। वैभव गुप्ता ने जितेंद्र से बात की तो उन्होंने बताया कि वह कार को घर पर छोड़कर जागेश्वर धाम आए हैं। अब पुलिस को लग रहा है कि ग्रामीणों की सक्रियता से कार चोरी होने से बच गई।
 

अफवाहों के बीच लोगों ने की फायरिंग
फरीदपुर तहसील क्षेत्र में रात में ड्रोन दिखने एवं चोरों के आने की अफवाह से दहशत फैल गई। गांव मैनी, रामनगर, बेहरा, पडेरा, तराखास, रमपुरिया, पाउनगला, शेखापुर के लोगों ने रात में पहरेदारी की। कस्बे के मोहल्ला परा जाटवान में अफवाह के बीच कई राउंड फायरिंग की गई। मोहल्ला मिर्धान, बीसलपुर रोड, भूरे खां गौटिया के लोगों में भी ड्रोन एवं चोरों की दहशत रही। 

 

पुलिस चलाएगी जागरूकता अभियान
एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि ड्रोन से ज्यादा अफवाह फैल रही है। शादी व धार्मिक आयोजनों में भी आजकल ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल हो रहा है। उनको भी ड्रोन का इस्तेमाल करने से पहले पुलिस को सूचना देंने की सलाह दी गई है। 
 
विज्ञापन

ड्रोन को बेवजह नहीं उड़ाया जा सकता। ग्राम सुरक्षा समितियों, सरकारी कर्मचारियों, मीडिया के जरिये पुलिस जागरूकता अभियान चलाएगी। साथ ही, उन्होंने अपील की कि किसी संदिग्ध व्यक्ति को देखें तो कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना दें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें