पिछले 24 घंटे से रुक- रुककर हो रही रिमझिम बारिश ने मौसम खुशनुमा बना दिया है। रात में तेज पंखा और कूलर से हल्की ठंड भी महसूस हो रही है। नमी है नहीं और उमस भी लगातार हो रही बारिश से लगभग खत्म है। इसका असर दिन के तापमान पर दिखा, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस गिर गया है। बारिश भी 60 मिलीमीटर से अधिक रिकार्ड की गई है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार बरेली में अगले एक सप्ताह तक रिमझिम बारिश होती रहेगी। चार जून को बारिश बंद होने के साथ हल्की धूप के संकेत दिये हैं। लेकिन इस दौरान पछुआ पवन चलने से राहत महसूस होगी। 24 घंटे में मौसम विभाग के अनुसार बरेली में 64.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है। अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञ व मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि बरेली समेत पूरे उत्तर प्रदेश में घने बादल छाए हैं। अगले तीन दिन अच्छी बारिश के संकेत हैं।
- धान देर से रोपा तो पैदावार में आएगी गिरावट
पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विशेषज्ञ डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि अगले सप्ताह में 90 मिलीमीटर बारिश की संभावना है। जिस किसान ने किसी कारणवश धान की रोपाई का कार्य अभी तक न कर पाये हों वे इस सप्ताह संभावित भारी बारिश के मद्देनजर धान की रोपाई का कार्य इस सप्ताह अवश्य समाप्त कर लें। परीक्षणों के आधार पर यह पाया गया है कि धान की देर से रोपी फसल में अक्तूबर माह के दूसरे पखवाड़े में तापमान में गिरावट हो जाने से बालियों में दाने नहीं पड़ते हैं। इससे पैदावार में भारी गिरावट होने की संभावना है। खाली खेतों को सितंबर माह के शुरू में तोरिया, आलू या मटर की समय से बुवाई हेतु जुताई कर खुला छोड़ दें। धान की खड़ी फसल में सिंचाई न करें। जलवायु को ध्यान में रखते हुये सोयाबीन की बुवाई अब न करें।