बरेली। मंडल के लोग एनसीआर समेत प्रदेश की राजधानी लखनऊ, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून जैसे बड़े शहरों में भी यातायात नियम तोड़ने से नहीं चूक रहे। बार-बार यातायात नियम तोड़ने पर परिवहन विभाग ने बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के 385 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन-तीन माह के लिए निलंबित कर दिए हैं। यातायात नियम तोड़ने में शाहजहांपुर के वाहन चालक पहले और बरेली के दूसरे स्थान पर हैं।
महानगरों में इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) के जरिये सीसीटीवी कैमरों से यातायात व्यवस्था की निगरानी की जाती है। बरेली में भी 22 प्रमुख चौराहों और ट्रैफिक सिग्नल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। शहर में जनवरी से अप्रैल के बीच बार-बार यातायात नियम तोड़ने पर 179 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर), लखनऊ, देहरादून के परिवहन विभाग से मिली सूची के आधार पर यातायात नियम तोड़ने वाले 385 लोगों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
इनमें शाहजहांपुर के 125, बरेली के 118, पीलीभीत के 75 और बदायूं के 67 चालक शामिल हैं। जिन लोगों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उनमें से ज्यादातर मामले तेज रफ्तार, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, बिना सीट बेल्ट और हेलमेट के वाहन चलाने के हैं।
थानावार तैयार की जाएगी स्कूल वाहनों की सूची
मंडल के चारों जिलों में परिवहन विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक के साथ ही थाना और चौकी स्तर पर भी अनफिट और अनधिकृत स्कूल वाहनों की सूची तैयार की जाएगी। बरेली में सूची तैयार करने के बाद शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं में भी इस पर काम शुरू कर दिया गया है। बरेली में ही 109 अनफिट व अनधिकृत स्कूल वाहन मिले हैं। इन वाहनों और संचालकों के खिलाफ थाना और चौकी स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी। संवाद
सड़क हादसों पर नियंत्रण के लिए यातायात नियमों का पालन जरूरी है। मंडल के चारों जिलों में अप्रैल से जुलाई तक बार-बार यातायात नियमों के उल्लंघन में 385 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। थाना व चौकी स्तर पर अनफिट व अनधिकृत स्कूल वाहनों की सूची भी तैयार कराई जा रही है। - कमल प्रसाद गुप्ता, आरटीओ प्रशासन