बरेली में कार चालक ने चालान से बचने के लिए वाहन का नंबर ही बदल डाला। कार के नंबर में सी की जगह ओ कर दिया। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा तो कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
सेटेलाइट चौकी के प्रभारी रामरतन सिंह यादव शनिवार शाम सेटेलाइट बस स्टैंड के सामने वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान पीलीभीत की तरफ से एक इको कार आती दिखी, जिसकी नंबर प्लेट पर लिखा नंबर संदिग्ध लिखा था।
पेंट लगाकर C को बना दिया O
कार पर यूपी 25 ओटी 6642 नंबर लिखा था। पुलिस ने कार को रोका तो चालक भीड़ में भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने नंबर प्लेट की जांच की तो पता चला असली रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 25 सीटी 6642 है। इसके सी अक्षर को पेंट लगाकर ओ बना दिया गया है।
उस नंबर से किसी और कंपनी की कार रजिस्टर्ड है। धोखाधड़ी का पता चलने पर कार मालिक के बारे में पता किया गया। पुलिस ने जखीरा निवासी सैय्यद जुल्फकार अली के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस कार को भी सीज कर दिया है। माना जा रहा है कि चालान से बचने के लिए यह खेल किया गया है।
संबंधित खबर- ये तो गजब हो गया: गुरुग्राम में थी कार... मालिक गोवा में, बरेली में कट गया 54 हजार रुपये का चालान
पुलिस चला रही अभियान
बरेली में इन दिनों ट्रैफिक पुलिस यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चला रहा है। उल्लंघन करने पर वाहनों के चालान कर रही है। पुलिस ने बीते दिनों एक ऐसी कार का चालान कर दिया था , जो बरेली में है ही नहीं। कार मालिक भी शहर में नहीं था। चालान की जानकारी होने पर कार मालिक ने एसएसपी और एसपी ट्रैफिक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।