बरेली में रविवार को हुई झमाझम बारिश ने नगर निगम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई प्रमुख मार्ग और निचले इलाके जलमग्न हो गए। इससे लोगों को आवागमन में मुसीबत झेलनी पड़ी। मलूकपुर में दो पहिया वाहन बहते देखे गए। दो बच्चों को बहते हुए देख लोगों ने बचा लिया। अफसर ट्रैक्टर पर सवार होकर हालात का जायजा लेते रहे। इसके बाद रात में भी मूसलाधार बारिश हुई, जिससे हालात और खराब हो गए।
सुभाषनगर पुलिया में भरा पानी
- फोटो : अमर उजाला
सुभाषनगर पुलिया पर घुटनों तक पानी
सुभाषनगर पुलिया पर घुटनों तक पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा। आरपीएफ कॉलोनी निवासी सुभाष शर्मा व सौरभ ने बताया कि बारिश के दौरान यहां हर बार जलभराव होता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
सड़क पर जलभराव
- फोटो : अमर उजाला
नाले में गिरा व्यक्ति
किला रोड पर भी कई स्थानों पर जलभराव हुआ। बाइक से बच्चों के साथ जा रहा व्यक्ति मलूकपुर नाले में गिर गया। उसके दोनों बच्चे बहने लगे तो आसपास के लोगों की मदद से उनको निकाला गया। बाइक बह गई।
शहर की सड़कों पर हुआ जलभराव
- फोटो : अमर उजाला
घरों-दुकानों में घुसा पानी
शहर के विकास भवन, चौकी चौराहा, पटेल चौक मार्ग भी जलमग्न रहे। कालीबाड़ी समेत अन्य स्थानों पर नालियां व नाले ओवरफ्लो होने लगे। इससे लोगों के घरों व दुकानों के आसपास भी पानी पहुंच गया।
पॉश इलाकों में भी जलभराव
पॉश इलाके रामपुर गार्डन, स्टेडियम रोड पर रेजीडेंसी गार्डेन कॉलोनी, कोहाड़ापीर स्थित लल्ला मार्केट के प्राचीन भैरो बाबा मंदिर और धर्मकांटा के पास भी जलभराव से आवागमन बाधित रहा।
ट्रैक्टर से पहुंचे नगर आयुक्त
- फोटो : वीडियो ग्रैब
ट्रैक्टर से पहुंचे नगर आयुक्त
रेजिडेंसी गार्डेन कॉलोनी में नगर निगम के चार मोटरों में से कोई भी काम नहीं कर रहा था। ठेकेदार से शिकायत के बावजूद निस्तारण नहीं हुआ। जानकारी होने पर नगर आयुक्त ट्रैक्टर पर बैठकर वहां पहुंचे। उन्होंने स्टाफ से ज्यादा पावर का मोटर लगवाने के लिए कहा।
सुभाषनगर पुलिया के नीचे हुआ जलभराव
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नालों के नाम पर हुई बजट की सफाई
जलभराव ने एक बार फिर साबित किया कि बारिश से पहले नालों के नाम पर बजट की सफाई हुई थी। निगम ने 213 नालों की सफाई के लिए पांच करोड़ रुपये जारी किए थे। विभाग का दावा है कि सौ फीसदी नालों की सफाई हो गई। इसके बाद जलभराव ने सफाई व्यवस्था व जलनिकासी के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बारिश से हुआ जलभराव
- फोटो : अमर उजाला
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश ने बताया कि जलभराव वाले स्थलों पर पानी खोलवाया जा रहा है। पानी की निकासी कुछ देर में सामान्य हो जाएगी। सुभाषनगर में नाले पर अतिक्रमण को कुछ दिन पहले हटाकर ठीक ढंग से सफाई कराई गई थी। इलाका निचला होने के कारण आसपास के क्षेत्रों का पानी आता है
कब्रिस्तान की दीवार गिरी
- फोटो : अमर उजाला
कब्रिस्तान की दीवार गिरी
तेज बारिश के कारण रविवार को पुराना शहर स्थित कांकर टोला में कब्रिस्तान की दीवार गिर गई। स्थानीय दुकानदार बाबर ने बताया कि दोपहर दो बजे यह हादसा हुआ। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक साइकिल सवार बाल-बाल बचा। दीवार गिरने के बाद मलबा सड़क पर बिखरने से आवागमन बाधित हो गया।