नवाबगंज। इंद्रानगर मोहल्ले में नगर पालिका की ओर से बनाया गया नाला बारिश में ढह गया। इससे मोहल्ले में जलभराव हो गया। लोगों ने जल निकासी और निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग की है। यह नाला मात्र पांच माह पहले ही बनवाया गया था।
यह नाला 15वें वित्त आयोग के तहत 40 लाख रुपये की लागत से बनवाया गया था। इसे समाधि के सामने फौजी के मकान से बीजामऊ मार्ग पर गेदनलाल की दुकान तक बनाया गया था। इसके निर्माण को मात्र पांच माह ही बीते थे। नाला ढह जाने से पानी की निकासी में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च के बावजूद जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। उन्होंने मामले की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी मांग की। कुछ माह पहले बिजौरिया मोहल्ले में 84 लाख रुपये की लागत से बने नाले का हिस्सा भी गिर गया था।
इस बाबत अधिशासी अधिकारी आरआर अम्बेश ने बताया कि नगर पालिका की टीम मौके पर जाकर जांच करेगी। शिकायत सही पाए जाने पर नाले का निर्माण कराकर जल निकासी कराई जाएगी। एसडीएम नवाबगंज सचिन यादव ने बताया कि नगर पालिका परिषद की टीम को जांच के लिए भेजा गया है। निर्माण कराने वाली संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।