960 मतदाता, 786 ने डाले वोट
आईएमए चुनाव में इस बार 960 मतदाता थे। इनमें से 786 ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि पिछली बार से करीब सौ मतदाता ज्यादा होने से इस बार मत अधित पड़ने की बात चुनाव कमेटी के चेयरमैन ने कही। सुबह पांच आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान के लिए डॉक्टरों का पहुंचना जारी रहा। वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार और बिथरी विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी मताधिकार का प्रयोग किया।
एक अक्तूबर को पूर्व निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अतुल श्रीवास्तव संभालेंगे कमान
रविवार को आईएमए चुनाव में अध्यक्ष पद के विजेता डॉ. डीपी गंगवार का कार्यकाल सत्र 2026-27 में शुरू होगा। वर्ष 2025-26 के लिए पूर्व में निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अतुल श्रीवास्तव एक अक्तूबर को कमान संभालेंगे। 28 अगस्त को कॉलर एक्सचेंज समारोह का आयोजन प्रस्तावित है।
डॉक्टरों का तैयार होगा डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड
डॉ. अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि अस्पतालों को विभागीय समस्या से निजात दिलाना उनकी प्राथमिकता है। डॉक्टरों की सेहत के लिए जांच शिविर लगेंगे। डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड बनाएंगे। प्रतिमाह स्पोर्ट्स एक्टिविटी होगी। किसी अस्पताल में कोई दिक्कत होने पर तत्काल रिस्पॉन्स टीम पहुंचने की व्यवस्था करेंगे। लीगल मामलों के लिए लीगल एडवाइजर बनाएंगे।
डीपी गंगवार ने बताई प्राथमिकताएं
सत्र 2026-27 के लिए निर्वाचित अध्यक्ष डीपी गंगवार ने कहा कि वे पीलीभीत के बीसलपुर के रहने वाले हैं। तीसरी बार अध्यक्ष पद पर दावेदारी की और इस बार जीत हासिल की। 70 वर्ष पार वाले चिकित्सकों के लिए विशेष सुविधा मुहैया कराना और उनकी सुरक्षा की व्यवस्था कराना उनकी प्राथमिकता है। आईएमए के समारोह में कूपन व्यवस्था समाप्त करेंगे ताकि आईएमए परिवार बन सके। चिकित्सकों की समस्याओं का प्रमुखता से समाधान कराया जाएगा। विभागीय सहयोग से झोलाछाप और अवैध चल रहे अस्पतालों पर अंकुश लगाएंगे।