लखनऊ से आ रही दून एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 13009 में एसी कोच जनरल वालों को बेचे जाने की शिकायत एक यात्री ने रेलवे के महाप्रबंधक को ट्विट करके की तो खलबली मच गई। जीएम ने रात को ही डीआरएम को ट्रेन की चेकिंग कराकर शिकायत की सत्यता जानने के निर्देश दिए। इस पर रेलवे स्टाफ ने बरेली जंक्शन के पास ट्रेन को चेक किया। इस मामले में टीटी तथा अन्य स्टाफ पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है।
ट्रेन में यात्रा कर रहे पावन शर्मा ने बुधवार को रात लगभग 10 बजे जीएम को ट्विट किया। कहा कि दून एक्सप्रेस के एसी कोच में टीटी ने कई सीटें जनरल वालों को बेच दी हैं और वेटिंग वालों को सीट न होने का बहाना किया जा रहा है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि जीएम ने तत्काल की उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल के जीएम प्रमोद कुमार को ट्विट कर शिकायत की जांच कराने को कहा तो डीआरएम ने रेलवे स्टाफ को भेजकर ट्रेन के एसी कोच की जांच कराई। हालांकि जांच का खुलासा नहीं हुआ है लेकिन रेलवे सूत्रों का कहना है कि शिकायत की पुष्टि हुई। टीटी ने एसी कोच की सीटें जनरल वालों को बेच दी थीं। जांच करने वाले स्टाफ ने कोच में तैनात बरेली के स्टाफ से चार्ट भी ले लिया। दोषी टीटी और अन्य स्टाफ के खिलाफ चार्जशीट दिए जाने की बात बताई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि डीआरएम चार्जशीट के आधार पर कार्रवाई करेंगे। इससे खलबली है।