बरेली। जाट महासभा के सम्मेलन में मुख्य अतिथि गन्ना मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण सिंह ने कहा कि बेवजह का हल्ला मत करो। समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलो। एकजुटता दिखाओ और आगे बढ़ो। अंतरजातीय विवाह के विरोध को लेकर उठे स्वर पर बेबाकी के साथ बोले-दूसरी जातियों में हमारी बेटियां के ब्याह हुए हैं और हमारे यहां अन्य जातियों की लड़कियां के विवाह हुए हैं। ऐसे में अंतरजातीय विवाह को खारिज कैसे कर सकते हैं। बस इतना कह सकते हैं कि मुस्लिमों में विवाह न करें। यह ठीक है। इससे हिंदुत्व भी मजबूत होगा।
नैनीताल रोड स्थित करमपुर चौधरी के सेक्रेड हार्ट कान्वेंट स्कूल के सभागार में रविवार दोपहर जाट महासभा समिति की ओर से आयोजित सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में चौधरी लक्ष्मी नारायण ने समाज की समस्याओं को लेकर आश्वस्त किया कि अगली बार आएंगे तब तक उन मुद्दों का का समाधान कराएंगे, जो आज सामने आए हैं। पूर्व महापौर डॉ. आईएस तोमर ने मूल्यों के पतन पर चिंता व्यक्त की। स्वामी विवेकानंद, महात्मा गांधी और राजा महेंद्र प्रताप सिंह के जीवन प्रसंगों की चर्चा करते हुए बोले-जितने भी दिन रहें, इस तरह से काम करें कि आने वाली पीढ़ी आपके योगदान को याद करे। आपकी मिसाल दे। वन-पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री के केपी सिंह मलिक ने समाज को एकजुट करने पर जोर दिया।
मेधावी सम्मानित, पत्रिका का भी विमोचन
अतिथियों ने जाट समाज की जागृति पत्रिका का विमोचन किया। मेधावी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन को देवेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, रामऔतार पल्सानिया, चौधरी धर्मवीर सिंह व अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन सिंह, बहेड़ी के पूर्व ब्लाॅक प्रमुख चौधरी आराम सिंह, जाट महासभा समिति के अध्यक्ष चौधरी राजेश सिंह मलिक आदि मंच पर मौजूद रहे। संचालन सुरेंद्र मलिक ने किया।