बरेली। शास्त्री मार्केट में सोमवार को एक व्यापारी को कुत्ते ने काटकर जख्मी कर दिया। व्यापारी के चिल्लाने पर आसपास के दुकानदार वहा पहुंचे और कुत्ते को भगाया। मामले की शिकायत नगर निगम से की गई है। शहर के कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है, लेकिन नगर निगम उन्हें पकड़ने की जहमत नहीं उठा रहा।
शास्त्री मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव बलदेव राज नागपाल दोपहर में छत पर बने शौचालय की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह जीने पर चढ़े, वहां बैठे तीन कुत्ते उन पर झपटे। एक ने उनके पैर में काट लिया। इस बीच वह असंतुलित होकर गिर पड़े। इसके बाद कुत्ते ने उनके कंधे पर काट लिया। शरीर पर कई जगह पंजे से खरोंच दिया। इससे वह लहूलुहान हो गए। चीख सुनकर पहुंचे दुकानदारों ने उनको बचाया। घटना के बाद वहां के दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत है।
व्यापारियों का कहना है कि मार्केट परिसर में कुत्तों का जमावड़ा रहता है। पहले भी एक कुत्ते ने कई दुकानदारों और ग्राहकों को जख्मी कर दिया था। नगर निगम से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के कारण अब तक कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। घटना से गुस्साए व्यापारियों ने नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य को पत्र भेजकर अभियान चलाने और मार्केट परिसर से लावारिस कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है। नगर आयुक्त ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।