अपराजिता कार्यक्रम में डॉक्टर, शिक्षक और छात्राएं
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बरेली के रामपुर बाग स्थित शांति अग्रवाल सरस्वती शिशु मंदिर में अमर उजाला के तहत अपराजिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें सिविल लाइंस स्थित यूपीएचसी की डॉ. रुपाली द्विवेदी ने एच1एन1 फ्लू (स्वाइन फ्लू) से बचाव पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में नई-नई बीमारियां घेर रही हैं, ऐसे में अपनी बीमारी को दूसरों तक फैलने से रोकना हमारी जिम्मेदारी है। इसलिए हमेशा मास्क पहनें और पोषणयुक्त आहार का सेवन करें, इससे हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी होगी जो हर संक्रमण से हमारी रक्षा करेंगी।
डॉ. रुपाली द्विवेदी ने छात्राओं को बताया कि देशभर में एच1एन1 फ्लू के मामले धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं। इसके लक्षणों में बुखार, गले में खराश, दस्त और थकावट शामिल हैं। लक्षण दिखते ही स्वयं को अलग करना चाहिए। उन्होंने कोरोना काल का उदाहरण देते हुए मास्क पहनने की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई बीमारी का इलाज मिलने में देरी हो सकती है, लेकिन बचाव में पीछे नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने एंटीबायोटिक के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। दवाओं से बेहतर अच्छा खान-पान और मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता है। रुपाली द्विवेदी ने कहा कि फाइबर, आयरन और प्रोटीन की कमी से शरीर में खून की कमी होती है। इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता तंत्र कमजोर हो जाता है। प्रोटीन के लिए सत्तू (चने व गुड़), हरी सब्जियां, पालक और चुकंदर का सेवन करें। उन्होंने अच्छे खान-पान को दवाओं का बेहतर विकल्प बताया।