कोहरे और जगह-जगह रेल पटरियों की मरम्मत की वजह से ट्रेनों की चाल पहले से बिगड़ी हुई है, ऐसे में शनिवार को बरेली-लखनऊ के बीच रेलवे का मेगा ब्लॉक क्या हाल करेगा, अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। ऐसे में अगर आप शनिवार को किसी गैरजरूरी काम से ट्रेन से कहीं जाने की तैयारी में हैं तो प्लान बदल लेना ही ठीक रहेगा। रेलवे ट्रैक की मरम्मत के लिए कई घंटों के मेगा ब्लॉक के दौरान दोनों दिशाओं की ट्रेनें प्रभावित होेंगी। अगर कोई जरूरी काम हो तो सड़क यातायात का विकल्प ज्यादा बेहतर रहेगा।
महीने का दूसरा शनिवार होने के कारण ऑफिस कर्मचारियों को शनिवार और रविवार दो दिन का अवकाश मिल रहा है। ऐसे में हो सकता है कि ज्यादातर लोगों ने कहीं बाहर घूमने का प्लान बनाया हो, लेकिन ट्रेनों पर भरोसा करना आपका पूरा प्लान चौपट कर सकता है। हालांकि इंजीनियरिंग सेक्शन की तरफ से उत्तर रेलवे मंडल मुख्यालय मुरादाबाद को जो पत्र भेजा गया है, उससे अभी स्पष्ट नहीं है कि ब्लॉक किस समय लिया जाएगा। शनिवार को मीरानपुर कटरा और तिलहर स्टेशन के बीच ट्रैक की मरम्मत होनी है। दोनों साइड के ट्रैक पर कार्य होना है इसलिए ब्लॉक चार से छह घंटे का होगा। रेलवे अधिकारियों की माने तो दोपहर में कम ट्रेनों का आवागमन होता है। इसलिए ब्लॉक के लिए दोपहर का वक्त ही चुना जाएगा। सूत्रों की माने तो ब्लॉक सुबह दस से शाम चार बजे तक ब्लॉक लिया जा सकता है। दोपहर में गुजरने वाली अधिकतर ट्रेनें प्रभावित हो सकती हैं।
शाम छह बजे तक गुजरने वाली कुछ ट्रेनें
अप लाइन : 14257-काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 14207-पदमावत एक्सप्रेस, 15211-जन नायक एक्सप्रेस, 13151-सिलायदा एक्सप्रेस,
डाउन लाइन : 15044-काठगोदाम लखनऊ, 12392-श्रमजीवी सुपरफास्ट,
कई ट्रेनें घंटों लेट, चार ट्रेनें की गई रद
शुक्रवार को भी कई ट्रेनें प्रभावित हुई तो चार ट्रेेनें ज्यादा विलंब होने से रद कर दी गईं। अप लाइन पर अमृतसर वाया सहारनपुर जननायक एक्सप्रेस 2:15 घंटा, सियालदा एक्सप्रेस 1:20 घंटा विलंब रही। इसके अलावा अप लाइन में कई ट्रेेनें प्रभावित हुई। देहरादून वाया हरिद्वार जनता एक्सप्रेस ज्यादा विलंब होने से रद कर दी गई। डाउन लाइन पर वाराणसी एक्सप्रेस, लखनऊ डबलडेकर सुपरफास्ट और जनसेवा एक्सप्रेस रद की गई। डाउन लाइन पर भी आधा दर्जन ट्रेनें विलंब से चलीं।