मरीजों से पूछताछ करती एसडीएम। संवाद
निष्पक्ष जांच के लिए बढ़ाई गई सख्ती, सीएचसी पहुंचकर एसडीएम ने संबंधितों के दर्ज किए बयान
मीरगंज। सीएचसी में प्रसव कराने के नाम पर पैसे वसूलने को लेकर डीएम ने मामला संज्ञान में लिया है। उपजिलाधिकारी तृप्ति गुप्ता को निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट भेजने के आदेश मिले हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारी तृप्ति गुप्ता सुबह 10 बजे सीएचसी पहुंचकर लोगों के बयान दर्ज कराए, जिसमें लोगों ने सीएचसी में की जा रही धन उगाही की पुष्टि की। लोगों ने बताया कि प्रसव के नाम पर दो हजार से लेकर पांच हजार रुपये, जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर 300 रुपये, फिटनेस के नाम पर 200 रुपये और कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत 1000 रुपये वसूले जाते हैं। असमर्थता जताने पर मरीजों को डरा धमकाकर रेफर कर दिया जाता है।
इन वायरल वीडियो से मामला आया सामने
इन आरोपों से संबंधित वीडियो 12 सितंबर और 16 सितंबर को वायरल हुआ था। भाजपाइयों ने सीएचसी परिसर में 16 सितंबर को धरना प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की थी। दबाव बनने पर नथपुरा की अनीता देवी के पति उमेश से लिए गए पांच हजार रुपये वापस किए गए थे।
पैसे वसूलने की पुष्टि हुई है, जिसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है। उनके स्तर से ही कार्रवाई की जाएगी।
- तृप्ति गुप्ता, उपजिलाधिकारी मीरगंज