डीएम डॉ. पिंकी जोवल मंगलवार को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री और क्षेत्रीय सांसद संतोष गंगवार के गोद लिए गांव रहपुरा जागीर पहुंचीं और गलियों में घूमकर विकास कार्यों का जायजा लिया। अगली मीटिंग तक गांव की सूरत बदलवा देने के अधीनस्थों को सख्त निर्देश भी दिए। बिजली की आंख-मिचौली और चिटौली से गांव तक की झूलती बिजली लाइन की ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीओ को फटकारा।
डीएम अपराह्न साढ़े तीन बजे रहपुरा जागीर प्राइमरी स्कूल में जन चौपाल में शामिल हुईं और ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। एडीओ आईएसबी खेमकरनलाल मौर्य ने डीएम को 11 विधवा, 16 वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों की सूची पढ़कर सुनाई। एडीओ पंचायत राजेंद्र गंगवार, ग्राम पंचायत अधिकारी ओमपाल सिंह ने बताया कि 65 स्वच्छ शौचालयों की धनराशि शासन से प्राप्त हो गई है। निर्माण कार्य जारी है। डीएम ने इन दोनों को बुलाकर गांव में विकास कार्यों के बारे में पूछा और गलियों, रास्तों पर घूमकर हालात का जायजा भी लिया। बताया गया कि 40 मीटर सीसी रोड, दो खड़ंजे बन चुके हैं। 3 नये खड़ंजों की धनराशि भी रिलीज हो चुकी है। तीनों बहुत जल्द बनेंगे।
हर घर में बनेगा शौचालय
-डीएम ने ग्रामीण स्वच्छता को लेकर हर परिवार को शौचालय बनवाने और उसका उपयोग करने को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि कोई भी पुरुष, महिला व बच्चा खुले में शौच नहीं जायेगा। 14वें वित्त एवं राज्य वित्त आयोग से लाखों रुपये धनराशि गांव को वर्ष में समय पर मिलती है। इसके अतिरिक्त मनरेगा में कार्य कराने की कोई सीमा नहीं हैं। खुली बैठक में गांव की आवश्यकता के अनुसार कार्यों के प्रस्ताव तैयार करके और उन्हें युद्ध स्तर पर कराएं। पैसे की कोई कमी नहीं हैं।
युवक-युवतियों की समिति बनेगी
-डीएम ने गांव के पढ़े-लिखे 5-5 युवक-युवतियों की अलग-अलग समिति बनाने को कहा जो गांव की जरूरत व समस्या को संबंधित अधिकारी को बताएंगे। अधिकारी शीघ्र ही समिति के सदस्यों की शिकायतों को सुनकर उनका समाधान करेेंगे। यदि किसी विभागीय अधिकारी कर्मचारी द्वारा कार्य में विलंब किया जाता है तो इसकी सूचना डीडीओ, सीडीओ, एसडीएम को दें। ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।