कोरोना के लक्षण बढ़ने पर डीएम ने लिया निर्णय, अब हालत स्थिर
बरेली। संक्रमण की पुष्टि के बाद होम आइसोलेशन पर रह रहे डीएम नितीश कुमार रविवार को कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, कोरोना के लक्षण बढ़ने पर डीएम ने अस्पताल में भर्ती होने की मंशा जताई थी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने भोजीपुरा कोविड एल-2 अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया है। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल ने बताया कि सुबह अस्पताल में भर्ती कराने के बाद उनकी अन्य जांचें भी कराई गईं, जो सामान्य आईं। कोरोना के लक्षण हैं, इसलिए रेमडेसिवर इंजेक्शन भी लगा है। फिलहाल वह स्वस्थ हैं। उन्होंने अपील की है कि जो भी डीएम के संपर्क में आए हों वह कोरोना की जांच जरूर करा लें। ब्यूरो