बरेली। बिथरी चैनपुर के उड़ला जागीर गांव में मस्जिद के चंदे का हिसाब मांगने पर विवाद हुआ। आरोपियों ने घर में घुसकर एक परिवार पर लोहे के पाइप और डंडों से हमला कर दिया। इसमें पिता, बेटे और भाई घायल हो गए। बिथरी चैनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
उड़ला जागीर गांव निवासी रहीम खान ने पुलिस को बताया कि दो अक्तूबर को जुमे की नमाज के बाद मस्जिद साहिबे आलम के बाहर गांव के लोग चंदे के संबंध में बात कर रहे थे। आरोप है कि नासिर उर्फ बबलू, जाबिर, सदरे आलम, यासीन और नन्हा ने चंदे का हिसाब देने से इन्कार किया। नासिर तीन साल से मस्जिद का मुतवल्ली था। उसने फोन कर जाहिद, आसिब, मुशाहिद, भूरा, अय्यूब, तौसीब, नाहिद, दानिश और कुछ अज्ञात लोगों को बुलाया। सभी लोग रहीम के घर में घुस गए। उन्होंने रहीम, उनके बेटे अनस और भाई इसरार पर लोहे के पाइप और डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग जुट गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। जल्दी में उनकी बाइक छूट गई। हमले में इसरार के दाहिने कान में भी चोट लगी है। तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। उनको जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।