बरेली समेत आसपास जिलों में ड्रोन को लेकर तरह तरह की अफवाह उड़ रही हैं। इसे लेकर डीआईजी की ओर से रेंज के चारों जिलों की जनता से अपील जारी की गई है। उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों पर विश्वास न करें।
ड्रोन और चोरों को लेकर फैल रही अफवाह के मामले में बरेली पुलिस की एडवाइजरी जारी होने के बाद डीआईजी की ओर से भी रेंज के चारों जिलों की जनता से अपील जारी की गई है। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापन
डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि कुछ समय से परिक्षेत्र के जिलों में ड्रोन जैसी उड़ती हुई संदिग्ध वस्तु दिखने अथवा ड्रोन उड़ाने की भ्रामक सूचनाएं सोशल मीडिया से प्रचारित की जा रही हैं। अब तक कोई भी सत्यापित प्रमाण पुलिस को प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए आमजन से सहयोग की अपील की जाती है। अफवाहों पर विश्वास न करें तथा बिना पुष्टि के कोई भी सूचना सोशल मीडिया पर साझा न करें। शांति व्यवस्था एवं सांप्रदायिक सौहार्द को भंग करने की अफवाहें फैलाई जा सकती हैं, इसलिए जिम्मेदारी के साथ व्यवहार करें।
डीआईजी ने कहा है कि अगर किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से झूठी, भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाई गई तो उसके विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जाएगी। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना मिलने पर तत्काल निकटतम थाना या 112 पर सूचित करें।