बरेली। डीआईजी आशुतोष कुमार और एसएसपी आरके भारद्वाज ने थानेदारों से लंबित विवेचनाओं को जल्द निपटाकर थानों में क्राइम रिकॉर्ड अपडेट करने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बीट की सूचनाएं हर हाल में अंकित की जाएं। फरियादियों की बात सुनकर न्याय भी दिलाएं।
रविवार को पुलिस लाइंस स्थित सभागार कक्ष में अपराध समीक्षा में दोनों अफसरों ने कहा कि मुकदमे की विवेचना का त्वरित निस्तारण कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। थानों में अभिलेखों के रखरखाव को सही किया जाए। थाने में आने वाले हर फरियादी की रिपोर्ट दर्ज की जाए। इसमें लापरवाही बरतने वाले थानेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एएसपी, सीओ और थानेदार मौजूद रहे।