बरेली। भीषण गर्मी के चलते बच्चों के साथ ही बड़े भी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार, डायरिया और त्वचा रोगों से पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जिला अस्पताल से मिली रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को ओपीडी में करीब 1100 नए मरीजों ने पंजीकरण कराया। वहीं, 1000 के करीब पुराने मरीज भी इलाज के लिए पहुंचे। सुबह ओपीडी खुलते ही मरीजों का पहुंचना शुरू हो गया। 10 बजे तक लंबी कतारें लग गईं।
पर्चा काउंटर पर भी दोपहर एक बजे तक लोगों की लंबी कतार नजर आई। अस्पताल में सबसे अधिक बुखार, डायरिया और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित पहुंचे। अस्पताल के फिजिशियन डॉ. राहुल वाजपेयी ने बताया कि बढ़ती गर्मी के चलते बुखार और डायरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। असंतुलित खानपान का परहेज करने के साथ ही गर्मी से बचाव करते रहें।
सीएम के दौरे के चलते चाक-चौबंद रही सफाई व्यवस्था मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक करेंगे। उनके आने से पूर्व ही सरकारी विभागों में व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने में अफसर जुटे रहे। जिला अस्पताल के सभी वार्डों में भी सुबह से लेकर शाम तक सड़कों पर चूना डालने के साथ ही सफाई व्यवस्था भी दुरुस्त होती नजर आई।
तपते टिनशेड में दिव्यांग गर्मी से बेहाल, कई मायूस लौटे
बरेली। शासन की ओर से दिव्यांगों के कार्यों को प्राथमिकता देने का आदेश है, लेकिन सीएमओ कार्यालय में आयोजित होने वाले शिविर में दिव्यांगजन परेशान हो रहे हैं।
सोमवार को भी यही नजारा देखने को मिला। परिसर में जगह कम होने के चलते कई दिव्यांग पेड़ के नीचे खड़े वाहनों पर बैठकर राहत लेते नजर आए। प्रमाणपत्र न बन पाने पर वहीं कई दिव्यांगों का कार्य न होने पर वे मायूस होकर लौट गए।
सीएमओ कार्यालय में आयोजित शिविर में सोमवार को 50 से अधिक दिव्यांग पहुंचे। कार्यालय के बाहर सुबह नौ बजे से ही दिव्यांगों के आने का सिलसिला जारी हो गया।
जिस कार्यालय के बाहर शिविर आयोजित किया गया, वहां टिनशेड पड़ा था। भीषण गर्मी में यहां रुकना मुश्किल हो रहा था।