उत्तर प्रदेश के साथ सीमा साझा करने वाले नेपाल के धनगढ़ी के कैलाली जिला के निर्माणाधीन गेटा मेडिकल कॉलेज के पास एक सप्ताह पहले युवक की हत्या मामले में पुलिस ने उसकी पूर्व प्रेमिका को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
डीएसपी प्रतीक बिष्ट ने बताया कि 27 फरवरी को गेटा मेडिकल कॉलेज के निकट नाले में वार्ड पांच गेटी गांव निवासी शिवचरण राना की हत्या कर शव फेंक दिया गया था। शिवचरण कई वर्षें से अस्पताल के पास किराने की दुकान चला रहा था। पुलिस ने छानबीन कर आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
इस दौरान युवक की पूर्व प्रेमिका जयंती द्वारा ही उसकी हत्या करने की बात सामने आई है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने जुर्म भी कबूल कर लिया। बताया कि युवक उसको आए दिन परेशान करता था, जिससे उसने युवक को ठिकाना लगाने की योजना बनाई और दो लोगों को सुपारी देकर हत्या करा दी। पुलिस ने महिला को हत्या का मुख्य योजनाकार मानते हुए उसे जेल भेजा है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।