भोजीपुरा । अभयपुर के पास देवरनिया नदी का पुल बहा।
भोजीपुरा। लोक निर्माण विभाग की गलतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। अभयपुर के पास देवरनियां नदी पर दूसरी बार बनाया गया वैकल्पिक कच्चा पुल फिर से बह गया। आवागमन बाधित होने से लोगों में आक्रोश बढ़ गया है।
नैनीताल हाईवे से अभयपुर अग्रास मार्ग का चौड़ीकरण व पुनर्निर्माण मई 2024 से हुआ था। रोड का निर्माण तो लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन अभयपुर के पास देवरनियां नदी के पुल का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने देरी से शुरू किया। पक्का पुल निर्माणाधीन है। लोक निर्माण विभाग ने देवरनियां नदी पर कच्चा पुल बनाकर यात्रियों को गुजरने की वैकल्पिक व्यवस्था की थी, लेकिन देवरनियां नदी के तेज बहाव में कच्चा पुल शुक्रवार पांच जुलाई को बह गया था। लोक निर्माण विभाग ने शनिवार को कच्चा पुल फिर बनाकर खड़ा कर दिया था। रविवार की रात लगातार तेज बारिश और नदी में बाढ़ की बढ़ती विभीषिका फिर पुल को बहा ले गई। यात्रियों का फिर से आवागमन बाधित हो गया है। इससे दो दर्जन से अधिक गांवों के लोग प्रभावित हुए हैं।
रोड भी जगह-जगह से दरका, पुल पर बढ़ा खतरा
नदी में आई बाढ़ की वजह से पक्के पुल के निर्माण का भी काम भी बंद पड़ा है। इधर, लगातार हो रही बारिश से दो तीन माह पूर्व बना धौंरा अटामांडा रोड भी जगह-जगह से दरक गया है। अब नदी का पुल भी दरकने के करीब है। पुल से गुजरने वाले यात्रियों के लिए खतरा बना हुआ है। संवाद