रामगंगा घाट में स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु, पूजा-अर्चना कर मनौतियां मांगीं
सिरौली/आंवला। मकर संक्रांति के त्योहार पर रामगंगा नदी में स्नान के लिए नगर सहित ग्रामीण इलाकों से श्रद्धलु उमड़े। स्नान के बाद भक्तों ने दान कर पुण्य कमाया। इस दौरान सिरौली, अंजनी, शिवपुरी, बाबा कैलाशगिरी रामगंगा घाटों पर नगर सहित आसपास ग्रामीण इलाके से सुबह पांच बजे से ही आवागमन शुरू हो गया।भक्तों ने रामगंगा में डुबकी लगाकर प्रसाद चढ़ाकर गंगा मैया से मनौतियां मांगीं। रामगंगा घाट पर जरूरतमंदों, साधु-संतों को रुपये, अन्न, कपड़े, कंबल देकर पुण्य लाभ कमाया। जगह-जगह खिचड़ी भोज और चाय वितरित करवाई गई। आंवला के सिद्धस्थली पुरैना धाम, मुनीम जी का मंदिर, शिव मंदिर महाराज वाली गली, टेड़ेश्वरनाथ मंदिर समेत कई स्थानों पर पूजा-पाठ के बाद खिचड़ी भोज कराया गया। संवाद
जगह-जगह कराया गया खिचड़ी सहभोज
मीरगंज/ दुनका/ बहेड़ी/ फतेहगंज पूर्वी/ भुता। कस्बे और आसपास के गांवों में मंगलवार को मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया गया। मीरगंज में मकर संक्रांति पर्व परंपरागत उत्साह और सामाजिक मेलजोल के साथ मनाया गया, जिससे इलाके में खुशी और सौहार्द का माहौल बना रहा। दुनका में धनेटा शीशगढ़ रोड पर नागा बाबा की मढ़ी एवं नरेश चंद्र गुप्ता, बस अड्डे के पास नत्थू लाल गुप्ता आदि ने खिचड़ी सहभोज कार्यक्रम आयोजित किया।
बहेड़ी में पंजाबी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, गंगा मंदिर, राम जानकी मंदिर, केसर मिलाकर लक्ष्मी नारायण मंदिर, सिंह गौटिया ब्रह्मा देव स्थल आदि स्थानों पर खिचड़ी सह भोज कार्यक्रम कराए गए। फतेहगंज पूर्वी कस्बे में जगह-जगह जरूरतमंदों को कंबल दिए गए। इस मौके पर महंत चंद्र प्रकाश,महेश, पवन, वैभव, राजेश, डब्लू, ओमप्रकाश आदि मौजूद रहे। भुता में शांति पुरम धाम में खिचड़ी भोज कराया गया, जिसमें पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप व बिथरी चैनपुर ब्लॉक प्रमुख हरेंद्र पटेल ने भी हिस्सा लिया। इस मौके पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, ब्लॉक प्रमुख हरेंद्र पटेल, प्रदीप कुमार, निशांत सिंन्हा, प्रशांत, छत्रपाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
असहाय लोगों को कंबल वितरित किया
नवाबगंज/ कुंडरा कोठी/ शेरगढ़ / शाही/ शीशगढ। नवाबगंज में व्यापार मंडल की ओर से सियाराम मार्केट में शुक्रवार को खिचड़ी सहभोज कराया जाएगा। व्यापारी नेता संजोग गुप्ता ने यह जानकारी दी। इसके अलावा जगह-जगह जरूरतमंदों को कंबल वितरित किया गया। खिचड़ी भोज में लोगों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। सेंथल में जगह-जगह आयोजित कार्यक्रम में डॉ. लेखराज मौर्य, सेवाराम मौर्य, मुनीश मौर्य, जगदीश मौर्य आदि मौजूद रहे। शाही में बहादुरपुर गांव के मंदिर समेत कई गांवों में मकर संक्रांति का पर्व मनाया गया।
-
अनेक स्थानों पर किया गया खिचड़ी, चाय एवं वस्त्र का वितरण
बिशारतगंज। मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर कस्बा सहित आसपास के गांवों में कई स्थानों पर खिचड़ी सहभोज कार्यक्रम आयोजित किए गए। कुछ स्थानों पर राहगीरों को चाय वितरण की गई। कस्बे के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कृष्ण कुमार, सरनाम सिंह यादव, संदीप मिश्रा आदि मौजूद रहे। गांव सुल्तानपुर, राजूपुर में महेंद्र पाल मौर्य ने सहयोगियों के साथ खिचड़ी के साथ 25 महिलाओं-पुरुषों को गर्म वस्त्र वितरण किए। कस्बे के थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, गोले भवन पर राष्ट्रीय हनुमान दल के मोनू गोले आदि ने चाय का वितरण किया। संवाद