बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण और क्रेडाई के संयुक्त तत्वाधान में चलाए जा रहे ‘टुगेदर फॉर ट्री’ अभियान भारत सरकार के जलशक्ति अभियान ने सराहना की है। जलशक्ति अभियान के निदेशक विनय प्रताप सिंह ने यूपी से सिर्फ एक प्रोजेक्ट को शामिल किया है और उसकी सराहना अपने ब्लॉग के जरिए की है।
जल शक्ति प्रोजेक्ट पीएम मोदी का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इसमें लोगों को जल संचय, रेन वाटर हार्वेस्टिंग समेत जल स्त्रोत बढ़ाने के प्रति जागरूक किया जाता है। पौधरोपण से जल शक्ति को बल मिलेगा। इसलिए इस मानसून में क्रेडाई, बीडीए के सहयोग से 11 हजार पौधे और 2 हजार रिजल्ट शहर में वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही, एक सिटी फॉरेस्ट भी स्थापित करने की योजना है। बता दें कि टुगेदर फॉर ट्री एक मोबाइल एप है। जिसे एंड्रॉइड मोबाइल पर डाउनलोड करने के बाद आधार नंबर से लिंक कराने पर पौधरोपण के लिए एक निशुल्क पौधा मिल सकता है। एप लॉन्चिंग के मौके पर जनशक्ति के निदेशक विनय प्रताप सिंह ने इस एप को कारगर बताया था। गौरतलब है कि इस एप के जरिए वृक्षारोपण करने पर पर्यावरण मित्र का एक सर्टिफिकेट जारी होता है।
तो रेन वाटर हार्वेस्टिंग लगाने पर मिलेगी छूट
बीडीए और क्रेडाई जल्द ही वेबसाइट के जरिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग और सोलर एनर्जी के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। वेबसाइट पर पंजीकरण के बाद जो व्यक्ति अपने घर या प्रतिष्ठान में रेनवाटर हार्वेस्टिंग लगवाएगा उसे क्रेडाई से छूट मिलेगी। वेबसाइट पर कम कीमत में घर में रेन वाटर हार्वेस्टिंग बनवाने की जानकारी दी जाएगी। जिसके वीडियो लिंक भी उपलब्ध रहेंगे। क्रेडाई नेशनल के संयुक्त सचिव रमनदीप सिंह ने बताया की रियल एस्टेट डेवलपर्स की संस्था क्रेडाई देश भर में पर्यावरण संरक्षण अभियान चला रही है। जिसमें सघन वृक्षारोपण अभियान ग्रीन सिटी मूवमेंट के अलावा जल संरक्षण के प्रयास भी हो रहे हैं।