एक साइड के ही गार्डर रखने के बाद काम ठप करके बैठ गए अफसर
अफसरों ने जिले के नोडल से किया था जनवरी में काम पूरा करने का वादा
बरेली। आईवीआरआई ओवरब्रिज का निर्माण एक बार फिर फंस गया है। रेलवे ने कुछ दिन पहले एक तरफ तो गार्डर रख दिए, लेकिन दूसरी तरफ का कार्य अधूरा ही छोड़ दिया। जबकि नवंबर में निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव व जिले के नोडल नवनीत सहगल ने इस प्रोजेक्ट में देरी होने पर रेलवे के अफसरों की क्लास लगा दी थी। अफसरों ने उस वक्त जनवरी में काम पूरा करने का वादा किया था, लेकिन वे इस पर अब तक खरे नहीं उतर सके हैं।
सेतु निगम और रेलवे दोनों को मिलकर इस ओवरब्रिज का निर्माण पिछले साल मार्च में पूरा करना था, लेकिन रेलवे की देरी से यह प्रोजेक्ट अब तक पूरा नहीं हो सका, जबकि सेतु निगम अपने हिस्से का काम करीब सालभर पहले ही पूरा कर चुका है। ओवरब्रिज न बनने से नैनीताल और आईवीआरआई रोड पर ट्रैफिक के आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। 20 नवंबर को निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने ओवरब्रिज के निर्माण में विलंब को देखकर रेलवेे अधिकारियों की कड़ी फटकार लगाई थी। उन्होंने इस पर नाराजगी जताई थी कि पहले देरी की जाती है, बाद में रेट रिवाइज करने का खेल होता है। उस वक्त रेलवे के अधिकारियों ने प्रमुख सचिव से जनवरी में काम पूरा करने का वादा किया था। इसके बाद काम में कुछ तेजी दिखाई दी। कुछ दिन पहले रेलवे ने क्रॉसिंग के ऊपर आईवीआरआई से इज्जतनगर स्टेशन की ओर बाहर से क्रेन मंगवाकर गार्डर तो रख दिए, लेकिन आईवीआरआई से नैनीताल मार्ग वाली साइड में गार्डर नहीं रखे जा सके हैं, जबकि जनवरी की समयसीमा भी खत्म हो रही है।