बहेड़ी के हथमना में हाईवे को चौड़ा करने के लिए जमीन का होना है अधिग्रहण
बरेली। बहेड़ी से होकर निकले बरेली-सितारगंज-काशीपुर हाईवे पर बने हथमना उत्तमनगर गुरुद्वारा को शिफ्ट करने के लिए विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलएओ) 30 दिसंबर को स्थलीय सर्वे करने जाएंगे। गुरुद्वारे के पास मोड़ पर जगह कम होने से यहां एक्सीडेंट जोन भी बन रहा है। एनएचएआई के उप महाप्रबंधक तकनीकी ने डीएम नितीश कुमार से गुरुद्वारा को शिफ्ट करने संबंधी सर्वे रिपोर्ट मांगी है।
सितारगंज-काशीपुर के बीच बहेड़ी के पास हथमना उत्तमनगर में एनएच-74 हाईवे किनारे गुरुद्वारा बना है। यहां रोड का चौड़ीकरण करने के लिए गुरुद्वारा की जमीन का अधिग्रहण किया जाना है। बताते हैं कि हाईवे की चौड़ाई कम होने से यहां एक्सीडेंट भी होते रहते हैं। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) को रोड चौड़ा करने के लिए गुरुद्वारे को शिफ्ट करना है। इसके लिए एनएचएआई के उप महाप्रबंधक तकनीकी योगेंद्र शर्मा ने डीएम नितीश कुमार को चिट्ठी जारी कर गुरुद्वारे की जमीन गाटा संख्या 137 की सर्वे रिपोर्ट मांगी है। यह रिपोर्ट तैयार करने के लिए एसएलएओ मदन कुमार 30 दिसंबर को मौके पर पहुंचकर सर्वे करेंगे। मदन कुमार ने बताया कि अगले हफ्ते डीएम को रिपोर्ट दे देंगे।