बरेली। पूर्व विधायक के पौत्रों पर दर्ज मुकदमों की विवेचना में खेल करके देवरनिया पुलिस फंस गई है। नई बात सामने आई है कि पुलिस ने दुकान में आग लगाने की धाराओं में भी खेल किया था, यह अलग बात है कि मजबूत पैरवी की वजह से उस मामले में यूटर्न ले लिया गया। एसएसपी ने जांच पत्रावली खोल दी है। दंड बाबू के जरिये संबंधित रिकॉर्ड आईपीएस अधिकारी एएसपी आशुतोष शिवम को सौंप दिया है।
बहेड़ी से कांग्रेस के पूर्व विधायक रहे स्व. अंबा प्रसाद के दो पौत्रों पर देवरनिया से बहेड़ी थाने तक मुकदमों की लंबी फेहरिस्त है। हालिया दो मुकदमों को दर्ज करते समय ही देवरनिया थाना पुलिस ने आरोपियों को बचाने का मन बना लिया था। शायद तभी व्यापारिक प्रतिष्ठान खाटूश्याम कन्फैक्शनरी में आग लगाने के अपराध की धारा बीएनएस 326 (6) की बजाय खेत खलिहान में नुकसान की धारा बीएनएस 326 (बी) लगा दी गई।
कन्फैक्शनरी के मालिक राजीव ने आग लगाने के वीडियो फोटो साक्ष्य कोर्ट व अधिकारियों के समक्ष पेश किए। तमाम ग्रामीणों ने आरोपियों की दबंगई व आरोपों की पुष्टि के बारे में शपथपत्र सौंपे तो देवरनिया थाना पुलिस बैकफुट पर आ गई। पुलिस ने यूटर्न लेते हुए विवेचना में धारा 326 (6) का समावेश कर दिया।
इधर, दूसरे व्यापारी पीतम सिंह पर फायरिंग व जानलेवा हमले के मुकदमे में थाना पुलिस ने खेल कर दिया। शुरू से जानलेवा हमले की धाराओं का जिक्र हाईकोर्ट तक करने वाले विवेचक नवदीप कुमार ने अचानक स्थानीय कोर्ट में तीन गंभीर धाराएं हटाकर पत्रावली पेश कर दी। ऐसे में व्यापारी पीतम ने थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी व विवेचक नवदीप पर आर्थिक समझौते के आधार पर खेल करने का आरोप लगाकर शिकायत कर दी। अमर उजाला की खबरों के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने आईपीएस अधिकारी आशुतोष शिवम को जांच देकर रिपोर्ट तलब की है। एसएसपी ने इसके लिए अलग जांच पत्रावली खोल दी है, दंड बाबू ने संबंधित रिकार्ड एएसपी को सौंप दिया है। ब्यूरो
-
एक अफसर के चहेते हैं थाना प्रभारी
बताया जा रहा है कि देवरनिया थाना प्रभारी विभाग के ही एक अधिकारी के बेहद खास हैं। इसी वजह से टू स्टार होने के बाद भी कोतवाली श्रेणी के थाने का प्रभार उन्हें मिल सका था। जबकि किला चौकी पर तैनाती के दौरान वह विवादों में घिरे रहे। अब धीरे-धीरे यह राज खुलने लगे हैं। संबंधित अधिकारी की छवि पर भी इससे आंच आ सकती है।
वर्जन-
देवरनिया थाना पुलिस पर लगे आरोपों की गंभीरता देखकर मामले में जांच खोल दी गई है। पत्रावली व विवेचना से संबंधित पत्राजात दंड बाबू के जरिये एएसपी आशुतोष शिवम को सौंपे गए हैं। एएसपी की जांच रिपोर्ट पर आगे कार्रवाई की जाएगी। - अनुराग आर्य, एसएसपी