आंवला। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बृहस्पतिवार को तहसील क्षेत्र के अधिकारियों के साथ तहसील सभागार में बैठक की। इस दौरान उन्होंने 20 जुलाई तक निराश्रित गोवंशों को गोशाला पहुंचाने के साथ सभी आश्रय स्थलों में पशुओं को बारिश से बचाने के इंतजाम करने के निर्देश दिए। संचारी रोग, पौधरोपण आदि अभियानों की समीक्षा की।
बैठक में सावन माह के लिए अभी से तैयारियां करने के लिए कहा। चरागाह की जमीन पर हरे चारे की बोआई कराने के लिए कहा। सभी गोशालाओं में भूसा, हरा चारा, पानी और प्रकाश की व्यवस्था के साथ गोवंशीय पशुओं को भीगने से बचाने के लिए टिनशेड की व्यवस्था करने के लिए कहा। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
तहसील में पौधरोपण करने के साथ उन्होंने सभी से एक पौध मां के नाम लगाने की अपील की। जल जीवन मिशन, विधुत आपूर्ति, बाढ़ सुरक्षा, कांवड़ यात्रा को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम नहने राम, सीओ नीलेश मिश्र, कोतवाल वीरेश कुमार, पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी आदि मौजूद रहे।