रुकवाने के बावजूद कब्जे पर आमादा चाय वाले से अब निपटेगी पुलिस
अपर नगर आयुक्त ने पुलिस को लिखा पत्र, सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का दिया हवाला
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। डीडीपुरम के प्रवेश द्वारा पर धार्मिक स्थल की आड़ में जमीन पर कब्जा कर रहे चाय वाले से अब पुलिस निपटेगी। मंगलवार को अपर नगर आयुक्त ने इंस्पेक्टर बारादरी को पत्र लिखकर सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का हवाला देते हुए कब्जा हटवाने को कहा है। वहीं इज्जतनगर इंस्पेक्टर ने भी अपर आयुक्त को पत्र लिखकर पूरा सहयोग देने की बात कही है।
डीडीपुरम प्रवेश द्वार पर पिछले कुछ दिनों से एक चाय वाला धार्मिक स्थल की आड़ में अवैध कब्जा कर रहा है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर नगर निगम की टीम ने मौके पर जाकर काम रुकवा दिया और कब्जा हटाने के निर्देश दिए मगर चायवाले ने कब्जा नहीं हटाया। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बारादरी इंस्पेक्टर को कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। इस पर बारादरी पुलिस ने कहा कि उन्हें लिखित शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि मंगलवार को इंस्पेक्टर बारादरी को पत्र जारी कर कब्जा हटवाने के निर्देश दिए गए हैं। बारादरी एसएचओ को सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिसमें कहा गया कि सड़क किनारे किसी नए धार्मिक स्थल का निर्माण न हो, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो।
बारादरी इंस्पेक्टर ने भी लिखा पत्र..पुलिस करेगी पूरी मदद
बरेली। अपर नगर आयुक्त के पत्र के जवाब में बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने भी पत्र लिखकर कहा कि डीडीपुरम गेट के पास अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही हैं। धर्मस्थल की आड़ में कब्जे का आरोप है। नगर निगम स्थलीय जांच से चिह्नित कर बताए कि क्या यह उसकी संपत्ति है। अगर कब्जे की स्थिति है तो स्थिति स्पष्ट करके पुलिस को बता दें। नगर निगम टीम के साथ जाकर पुलिस तत्काल कब्जा हटवा देगी। नगर निगम अधिकारी लिखित में देंगे तो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट भी लिख ली जाएगी। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने नगर निगम कार्यालय में पत्र रिसीव करा दिया है।