बरेली। बारिश के बाद मलेरिया के साथ डेंगू के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। सप्ताहभर में जिले में डेंगू के पांच संदिग्ध मरीज सामने आए हैं। इनमें से तीन मरीजों की एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने उनकी निगरानी शुरू कर दी है।
संक्रमितों में संजयनगर की 39 वर्षीय महिला, नवाबगंज का 27 वर्षीय युवक और बदायूं का 62 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। आईडीएसपी प्रभारी डॉ. मीसम अब्बास के मुताबिक, निजी अस्पताल में बुखार से पीड़ित संजयनगर निवासी 39 वर्षीय महिला को भर्ती कराया गया था। दो दिन पहले डेंगू के लक्षण दिखने पर अस्पताल में किट से जांच की गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी अस्पताल में भर्ती नवाबगंज निवासी 27 वर्षीय युवक की जांच में भी डेंगू के संकेत मिले। वहीं, एक मरीज भमोरा में भी मिला था।
डॉ. अब्बास के मुताबिक, डेंगू की आशंका होने पर शुरुआती स्तर पर रैपिड किट से जांच होती है, लेकिन पुष्टि एलाइजा जांच से होती है। निजी अस्पतालों में किट से पॉजिटिव मिले मरीजों के सैंपल की एलाइजा जांच में डेंगू के तीन मरीज मिले हैं।
बचाव के उपाय
घरों के आसपास पानी जमा न होने दें।
कूलर, गमले और छत पर रखे बर्तनों का पानी बदलते रहें।
पूरी बांह के कपड़े पहनें, मच्छरों से बचाव के उपाय करें।
बुखार आने पर खुद से दवा न लें। चिकित्सक से परामर्श करें।
तेज बुखार, उल्टी, पेट दर्द, रक्तस्राव के लक्षण हों तो अस्पताल जाएं।