घटिया सामग्री से नाला निर्माण को लेकर प्रदर्शन करते लोग
मीरगंज। नगरिया कल्याण गांव में नाला निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गांव के कई लोगों ने ठेकेदार और ग्राम प्रधान पर घटिया सामग्री इस्तेमाल कराने और रास्ते पर कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि नाला बनाने में नदी की रेत और खराब सामग्री का प्रयोग हो रहा है, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जहां से नाला शुरू होता है। वहां 22 फुट चौड़ा रास्ता था, लेकिन अब आगे जाकर रास्ता सिर्फ 10 फुट चौड़ा रह गया है। गांव के कुछ लोगों ने इस रास्ते पर कब्जा कर लिया है, जिसकी कई बार एसडीएम से शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
शिकायत करने वालों में अरविंद, राजवीर, कृपाल, गुरपाल, चंद्रपाल, कन्हैयालाल, अजय मौर्या, लीलाधर और ओमकार कश्यप सहित कई ग्रामीण शामिल हैं। इन लोगों का आरोप है कि रास्ते पर कब्जा करने वालों को ग्राम प्रधान अजरूद्दीन का पूरा समर्थन मिल रहा है। इधर, ग्राम प्रधान अजरूद्दीन ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि नाला निर्माण में पूरी गुणवत्ता का ध्यान रखा जा रहा है और जो लोग काम में रोड़ा अटका रहे हैं, वहीं, बेवजह गलत आरोप लगा रहे हैं।