फसलों के सूखने पर धैर्य दे गया जवाब, कई गांवों के किसानों ने पहुंचकर किया घेराव
भुता। लाइनमैन की लापरवाही व जर्जर तार के चलते निजी नलकूपों को एक सप्ताह से बिजली न मिलने को लेकर कई गांवों के किसानों ने शुक्रवार को विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर प्रदर्शन किया है। किसानों ने एक ज्ञापन अधिशासी अभियंता बरेली को भेज कर विद्युत व्यवस्था को ठीक कराने की मांग की है।
भुता क्षेत्र के ग्राम ककरा कला, रूपापुर, पटना, गंगापुर, डभौरा, खड़सरा, रूपियापुर समेत कई गांवों में विद्युत लाइन की जर्जर तारों एवं विद्युतकर्मियों की लापरवाही जारी है। इससे निजी नलकूपों को बिजली आपूर्ति एक सप्ताह से नहीं मिल पा रही है, जिससे गन्ने की फसल सूख रही है। इसको लेकर किसानों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत भी की थी, लेकिन सुनवाई न होने पर शुक्रवार को उनका धैर्य जवाब दे गया।
इन खामियों से नाराज कई गांवों के किसानों ने विद्युत उपकेंद्र पर आकर हंगामा व घेराव कर दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करते हुए संविदा कर्मी, लाइनमैन की लापरवाही व भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए एक ज्ञापन अधिशासी अभियंता को भेज कर विद्युत व्यवस्था ठीक कराने की मांग की है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले विद्युत कर्मियों को हटाने की मांग भी की है।प्रदर्शन करने वालों में पूर्व प्रधान मदनलाल, राधेश्याम, रामसनेही, अजय पाल, जगदीश सिंह, गुरदयाल, ओमपाल, रामचंद्र, रामदुलारे, होशियार सिंह, राजवीर, प्यारेलाल, जगपाल आदि मौजूद थे। संवाद