सिरौली। कस्बे के लोगों ने मुरादाबाद और बरेली डिपो की लंबी रूट की बसों को आंवला-सिरौली होकर चलाने की मांग की है। इससे रामनगर जैन मंदिर, मनौना धाम और लीलौर झील आने वाले पर्यटकों के अलावा रोजाना के यात्रियों को सुविधा होगी।
कस्बे के लोगों का कहना है कि वर्तमान में बरेली डिपो की पश्चिमी दिशा की बसें रामपुर होकर चलती हैं। मुरादाबाद डिपो की पूर्वी दिशा की बसें भी रामपुर से गुजरती हैं। दोनों डिपो से एक-एक बस आंवला-सिरौली मार्ग से चलाने की मांग है। इससे बिलारी, शाहबाद, आंवला आदि तहसील के लोगों की सुविधा बढ़ेगी। कुंदरकी, सेफनी, सिरौली जैसे कस्बों और 200 गांवों की आबादी को सीधी बस सेवा मिले सकेगी। मनौना धाम, रामनगर जैन मंदिर और लीलौर झील पर आने वाले पर्यटकों को भी सुविधा होगी। रामपुर-बदायूं डिपो की बसें मुरादाबाद, चंदौसी, बिसौली होकर लंबी दूरी तय करती हैं। बरेली परिक्षेत्र क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने बताया कि एआरएम को सोमवार को गाड़ियां वहां से गुजराने के लिए निर्देशित किया जाएगा।