आंवला। चारागाह की सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर मोहल्ला गंज के नरेंद्र कुमार गुप्ता ने एसडीएम को शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। आरोप है कि आंवला-भमोरा रोड स्थित राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज चारागाह की जमीन पर कुछ लोगों ने फर्जी कागजात बनवाकर कब्जा कर लिया है। इसकी शिकायत डीएम, एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों से संपूर्ण समाधान दिवस में कई बार की गई है लेकिन बताया कि जनवरी और अप्रैल में आयोजित हुए संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने मामले से संबंधित दस्तावेज का निरीक्षण कर जगह को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए थे। हालांकि कार्रवाई अबतक नहीं की गई है। इसपर एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि तहसीलदार को जांच कर आख्या देने के निर्देश दिए गए हैं।