बरेली बार एसोसिएशन को बार काउंसिल ऑफ यूपी से संबद्ध कराने की मांग को लेकर वकीलों के एक गुट ने मंगलवार को न्यायालय गेट के बाहर सांकेतिक धरना दिया। बार चुनाव में सचिव पद के दावेदार रहे अंतरिक्ष सक्सेना के नेतृत्व में वकील धरने में जुटे। बरेली बार एसोसिएशन के सचिव दीपक पांडेय भी वकीलों से बात करने पहुंचे। धरना दे रहे वकीलों ने उनसे जनरल हाउस की बैठक बुलाने की मांग की।
धरना दे रहे वकीलों ने बताया कि बरेली बार एसोसिएशन बार काउंसिल ऑफ यूपी से संबद्ध नहीं है। ऐसे में वकीलों को कई सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा। मॉडल वायलॉज के अनुसार काम भी नहीं हो रहा। ऐसे में उनकी मांग है कि जनरल हाउस की बैठक बुलाकर इस पर चर्चा की जाए। सचिव ने वकीलों को समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया, लेकिन धरना दे रहे वकील जनरल हाउस बुलाने की मांग तक धरना जारी रखने पर अड़े रहे। बुधवार को फिर से दोपहर 1:30 से 2:30 तक धरना दिया जाएगा।