बरेली। शाही क्षेत्र में विद्युत कर्मियों से मारपीट के मामले में एसएसपी को शिकायती पत्र देकर गंभीर धाराएं बढ़ाने की मांग की गई है। आरोप है कि हल्की धाराओं में चालान होने से आरोपी जमानत पर छूटकर धमका रहे हैं।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के दोहना निवासी टीजी-2 लायक राम यादव अपने साथ तीन लाइनमैन हर प्रसाद, जितेंद्र बाबू और राजेंद्र कुमार के साथ 27 अक्तूबर दोपहर 3:30 बजे शाही क्षेत्र के दुनका में टूटा पोल व तार सही कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान ग्राम दुनका निवासी मोनिस व राशिद ने दुकान के सामने से केबल हटाने को लेकर गाली-गलौज करते हुए चारों कर्मियों से मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में हल्की धारा लगाकर कार्रवाई की।
बिजली कर्मियों का आरोप है कि पुलिस ने गंभीर धाराएं नहीं लगाईं, जिससे आरोपियों को आसानी से जमानत मिल गई। जमानत पर छूटने के बाद आरोपी बिजलीकर्मियों को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने शनिवार को एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर गंभीर धाराएं बढ़ाने व सख्त कार्रवाई की मांग की। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद