बरेली। आंवला संसदीय क्षेत्र में शामिल बरेली के अलीगंज और शाहजहांपुर के जलालाबाद में बाइपास निर्माण की मांग सांसद नीरज मौर्य ने की है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि दोनों जगह बाइपास बनाने की तत्काल आवश्यकता है।
सांसद ने पत्र में लिखा है कि अलीगंज में तेजी से वाहन बढ़ने की वजह से ट्रैफिक बढ़ रहा है। इससे आम जनमानस को मुश्किल हो रही है। बाइपास निर्माण से जहां अंदरूनी सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा। वहीं यात्रा की गति भी तेज होगी। प्रदूषण कम होगा और स्थानीय लोगों को भी बेहतर जीवन मिलेगा। प्राथमिकता पर इसे बनाए जाने की जरूरत है।
इसी तरह शाहजहांपुर के जलालाबाद में भी भारी वाहनों का दबाव रहता है। यहां शहर के अंदर से नेशनल हाईवे 730सी गुजर रहा है। इससे ट्रैफिक जाम लगता है और यहां व्यावसायिक गतिविधियां इससे प्रभावित हो रही हैं। इससे हादसे और जनहानि का खतरा बना रहता है। बाइपास बनने से ट्रैफिक के अलावा जलालाबाद के लोगों को भी सुरक्षा सड़कों पर मिलेगी। ब्यूरो