बरेली। महाराणा प्रताप जिला संयुक्त चिकित्सालय में भाई के इलाज के दौरान परिजन से मारपीट प्रकरण में पीड़ित ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। घटनाक्रम की जानकारी देते हुए संबंधित चिकित्सक और स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की।
चौपुला चौराहा निवासी अधिवक्ता रोहताश कश्यप के मुताबिक, 27 मई को दोपहर करीब 12 बजे भाई सूरज का इलाज कराने के लिए वह जिला अस्पताल पहुंचे थे। आरोप है कि भर्ती कराने के लिए कहा तो डॉक्टर पर्चा लेने के बजाय अभद्रता करने लगे। विरोध पर वहां मौजूद स्टाफ ने पर्स, मोबाइल फोन छीनकर इमरजेंसी के एक कक्ष में बंधक बनाया। इसकी सीसीटीवी फुटेज उनके पास है। प्रकरण पर आरोपी डॉक्टर और स्टाफ पर कार्रवाई की मांग की ताकि भविष्य में किसी मरीज और तीमारदार के साथ अभद्रता न हो। ब्यूरो