प्रदेश के 108 आकांक्षी विकास खंडों के बीच हुई प्रतिस्पर्धा में बरेली के दो ब्लॉकों ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आधारभूत अवसंरचना के क्षेत्र में फतेहगंज पश्चिमी ने प्रदेश में पहला और शेरगढ़ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
विज्ञापन
जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव ने बताया कि इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शासन ने दोनों ब्लॉकों को 'क्रिटिकल गैप्स योजना' के तहत कुल दो करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी है। मार्च 2025 से मार्च 2026 तक की प्रगति के आधार पर जारी डेल्टा रैंकिंग के तहत फतेहगंज पश्चिमी को 1.5 करोड़ और शेरगढ़ को 50 लाख रुपये मिले हैं।
इस धनराशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, पेयजल और अन्य जरूरी विकास कार्यों पर किया जाएगा। इस उपलब्धि पर मुख्य विकास अधिकारी ने अपर सांख्यिकीय अधिकारी राजेश चंद्र पांडेय के साथ दोनों ब्लॉकों के अधिकारियों और सीएम फेलो को बधाई दी है।