मीरगंज। चर्चित स्मैक तस्कर मोहम्मद रफी उर्फ बब्बू की नेशनल हाईवे के किनारे स्थित आलीशान कोठी पर पहुंचकर बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस की टीम ने जांच-पड़ताल की। टीम का नेतृत्व कर रहे दिल्ली से आए प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार ने कोठी की चौहद्दी देखी। फोटो लिए और संपत्ति से संबंधित जानकारियां जुटाईं।
बताया जा रहा है कि बब्बू काफी समय से स्मैक तस्करी में लिप्त रहा है और दिल्ली से भी इस तरह के मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल वह दिल्ली की जेल में बंद है। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी द्वारा अर्जित संपत्तियां वैध आय से बनाई गई हैं या फिर नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से खड़ी की गई हैं। जानकारी के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद आरोपी की कोठी समेत अन्य संपत्तियां जब्त की जा सकती है।